May 18, 2026

बालोद में ‘नीर चेतना अभियान’ की शुरुआत, भूजल स्तर सुधारने के लिए बनेंगे 20 हजार ट्रेंच

बालोद। जिले में गिरते भूजल स्तर को रोकने और वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘जल संचय, जन भागीदारी’ अभियान के तहत ‘नीर चेतना अभियान’ की शुरुआत की गई। शुक्रवार को गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम पंचायत भाठागांव (आर) में अभियान का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर कलेक्टर Divya Umesh Mishra ने स्वयं फावड़ा चलाकर श्रमदान किया और ट्रेंच निर्माण कार्य की शुरुआत की। अभियान के पहले चरण में भाठागांव (आर) के पास नाले के समानांतर 5,000 वॉटर एब्जॉर्प्शन ट्रेंच बनाए जा रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इन ट्रेंचों के माध्यम से लगभग 27 लाख लीटर वर्षा जल जमीन के भीतर समाहित होगा।

20 हजार ट्रेंच बनाने का लक्ष्य

जिला प्रशासन ने पूरे गुण्डरदेही विकासखंड में 20 हजार ट्रेंच निर्माण का लक्ष्य रखा है। इससे करीब 1 करोड़ 35 लाख लीटर जल संरक्षण की संभावना है। इस पहल से जिले के जल संसाधनों को मजबूत करने और भूजल स्तर में सकारात्मक सुधार लाने की उम्मीद जताई जा रही है।

सेमी-क्रिटिकल जोन में आता है क्षेत्र

गुण्डरदेही विकासखंड वर्तमान में भूजल की दृष्टि से सेमी-क्रिटिकल जोन में शामिल है। कलेक्टर ने कहा कि जल के बिना भविष्य की कल्पना संभव नहीं है और गिरते जल स्तर को देखते हुए अभी से सतर्क होना जरूरी है। ट्रेंच निर्माण तकनीक से वर्षा जल जमीन में समाहित होगा, जिससे मिट्टी का कटाव रुकेगा और क्षेत्र में हरियाली भी बढ़ेगी।

जनभागीदारी से बनेगा जन आंदोलन

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ Sunil Chandravanshi, बिहान समूह की महिलाएं, सरपंच, सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कलेक्टर ने जल संरक्षण की इस मुहिम को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता देने की अपील की।