बालोद। नगर पंचायत पलारी में मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति गजब की निष्ठा और जज्बे की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों के बावजूद बुजुर्ग मतदाता हेमलाल साहू ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
भीषण गर्मी और शारीरिक कमजोरी के बावजूद मतदान केंद्र तक पहुंचकर वोट डालने की उनकी यह पहल वहां मौजूद लोगों के लिए प्रेरणा बन गई। मतदान केंद्र पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य मतदाताओं ने उनके इस साहस और लोकतंत्र के प्रति समर्पण की सराहना की।
हेमलाल साहू की यह तस्वीर और उनका जज्बा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। लोग इसे लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक तस्वीरों में से एक बता रहे हैं।
नगर पंचायत पलारी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही, जहां बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हेमलाल साहू की यह पहल यह संदेश देती है कि लोकतंत्र को मजबूत करने में हर वोट की अहम भूमिका होती है और मतदान से बड़ा कोई अधिकार नहीं है।





