July 26, 2026

पीटीआई शिक्षक पर महिला से अभद्रता और अश्लील प्रस्ताव का आरोप, केस दर्ज

बालोद, प्रतिनिधि।
जिले के डौंडी स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ पीटीआई शिक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर पर एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार और अश्लील प्रस्ताव देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर डौंडी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर के पास से गुजर रही थी, तभी आरोपी शिक्षक ने उसे 500 रुपए का नोट देकर संबंध बनाने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि इस दौरान उसने महिला से अश्लील बातें भी कीं। घटना से आहत महिला ने तुरंत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1)(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी हो सकती है।

बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक पूर्व में जिला खेल अधिकारी बालोद के पद पर भी कार्य कर चुका है, जिससे मामला और चर्चा में आ गया है। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।