बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना जगतरा गांव स्थित नैकुरा पुलिया के पास की है, जहां पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, देर रात ग्राम डोकला (थाना चारामा) निवासी योगेश्वर साहू (32 वर्ष) और देवेंद्र पाड़े (30 वर्ष) ट्रैक्टर में झटका तार और पोल लेकर फागुनदहा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नैकुरा पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक और साथ बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।





