May 18, 2026

सट्टा विवाद में मारपीट के बाद युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सट्टा लिखने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना के बाद आहत युवक ने जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना बालोद थाना क्षेत्र की है। दो दिन पहले चुरामन साहू नामक युवक सट्टा नंबर लिखाने के लिए शहर के रेलवे कॉलोनी में रहने वाले नजीर खान और फैज खान की दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि नजीर खान और फैज खान ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर युवक की जमकर पिटाई की, जिससे उसके नाक में गंभीर चोट आई। घटना के दौरान घायल युवक ने खुद वीडियो भी बनाया, जो अब जांच का हिस्सा हो सकता है।

घटना के बाद चुरामन साहू ने आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी, लेकिन दूसरी ओर से भी आरोपियों ने युवक के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए काउंटर एफआईआर दर्ज कराई।

काउंटर एफआईआर दर्ज होने से मानसिक रूप से आहत युवक ने जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।