बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार को आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। अचानक बदले मौसम के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। भेड़िया नवागांव क्षेत्र में स्थित बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर गिर गया, जबकि 50 से अधिक पेड़ और कई बिजली खंभे भी धराशायी हो गए। इससे कई गांवों में बिजली और संचार सेवाएं बाधित हो गईं।
खेत में गिरा मोबाइल टॉवर, टला बड़ा हादसा
तेज आंधी की चपेट में आकर भेड़िया नवागांव स्थित बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर गिर गया। राहत की बात यह रही कि टॉवर आबादी क्षेत्र से दूर खेत में गिरा, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि टॉवर गिरने से मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हो गया और लोगों को संपर्क करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
50 से अधिक पेड़ गिरे, यातायात प्रभावित
आंधी के दौरान कई बड़े पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे विभिन्न मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया। कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही घंटों तक प्रभावित रही। प्रशासन और स्थानीय अमला सड़कों से पेड़ हटाने के कार्य में जुटा रहा।
बिजली व्यवस्था चरमराई
मौसम की मार से विद्युत लाइनें भी क्षतिग्रस्त हुईं। कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे ब्लैकआउट जैसे हालात बन गए। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अंधेरे और अन्य आवश्यक सेवाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मकानों को भी पहुंचा नुकसान
तेज हवाओं के कारण कई मकानों की छतों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
बहाली कार्य जारी
बिजली विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हुए हैं। वहीं प्रशासन की टीम सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात सामान्य करने का प्रयास कर रही है।





