July 23, 2026

बालोद कोतवाली से चोरी की आरोपी महिला फरार, लापरवाही पर तीन आरक्षक सस्पेंड

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। चोरी के आरोप में हिरासत में लाई गई एक महिला कोतवाली थाने से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित आरक्षकों में शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद शामिल हैं। तीनों घटना के समय कोतवाली थाने में ड्यूटी पर तैनात थे।

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी रेखा सोरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई। घटना के बाद उसकी तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

पुलिस ने फरार महिला के खिलाफ अलग से मामला भी दर्ज कर लिया है। एडिशनल एसपी के अनुसार, आरोपी की तलाश लगातार जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पूरे मामले में विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।