May 18, 2026

गर्मी से पहले बालोद नगर पालिका अलर्ट, नई पानी टंकी शुरू, टुल्लू पंप पर होगी कार्रवाई

बालोद। मार्च का महीना आधा बीतते ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भीषण गर्मी में संभावित पानी संकट से निपटने के लिए बालोद नगर पालिका ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी Mobin Ali ने शहरवासियों को आश्वासन दिया है कि इस गर्मी में पेयजल की कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी।

नगर पालिका ने खराब पड़े पानी के टैंकरों की मरम्मत करवा ली है। साथ ही शहर में कुंदरू पारा स्थित नई पानी टंकी को आम जनता के लिए शुरू किया जा रहा है। इससे वार्ड क्रमांक 14 और 15 सहित आसपास के क्षेत्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। नई टंकी का परीक्षण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

टुल्लू पंप लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए टुल्लू पंप चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए नगर पालिका की एक टीम गठित की गई है जो जल्द ही निरीक्षण करेगी। टुल्लू पंप से एक जगह पानी की चोरी होने पर आसपास के कई घरों की जल आपूर्ति प्रभावित होती है। कार्रवाई के तहत अवैध कनेक्शन काटने और जुर्माना लगाने का भी प्रावधान है।

जलाशय पर निर्भरता कम करने की पहल

नगर पालिका जलावर्धन योजना के तहत जलाशय से पानी प्राप्त करती है, लेकिन गर्मी के मौसम में जलाशय का जल स्तर कम हो जाता है क्योंकि इसका उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई और उद्योगों के लिए भी होता है। इसे देखते हुए नगर पालिका ने भूमिगत जल स्रोतों की मरम्मत कर उन्हें फिर से सक्रिय कर दिया है, ताकि गर्मी में शहरवासियों को पर्याप्त पानी मिल सके।