बलौदाबाजार। शहर के दशहरा मैदान रोड स्थित एवन डेली नीड्स में सोमवार रात दो अज्ञात नकाबपोश चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये पार कर दिए और मौके से फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहले दुकान की रेकी, फिर अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, चोरी से पहले दोनों आरोपियों ने दुकान के आसपास मुआयना किया। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर दुकान में धावा बोला। इस दौरान एक आरोपी बाहर खड़े होकर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा आरोपी शटर तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुआ।
दुकान में घुसते ही आरोपी ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया। इसके बाद दूसरे कैमरे को घुमाकर दूसरी दिशा में कर दिया, ताकि उसकी गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। हालांकि दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं।
सुबह दुकान खोलने पहुंचा दुकानदार, तब हुआ चोरी का खुलासा
दुकान संचालक अभिषेक केसरवानी मंगलवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर खुला हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान के गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये चोरी हुए हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
लगातार चोरी की घटनाओं से पुलिस गश्त पर सवाल
बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय में इससे पहले भी चोरी और उठाईगिरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस की गश्त व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। वहीं इस ताजा चोरी की घटना के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों नकाबपोश आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।





