July 29, 2026

बलौदा बाजार में भीषण आग: किराना गोदाम जलकर खाक, करोड़ों का नुकसान

शहर के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के किराना गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां लगातार मशक्कत करती रहीं।

जानकारी के मुताबिक गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य ज्वलनशील किराना सामान रखा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसके बाद तेल और घी के पीपों की वजह से आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग का धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। वहीं रायपुर से अतिरिक्त दमकल टीम बुलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

रात 3 बजे मिली सूचना

दुकान संचालक विकास आरतानी ने बताया कि वे रात करीब 9 बजे दुकान और गोदाम बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच उन्हें गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।

उन्होंने बताया कि फिलहाल नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

दमकल व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के दौरान बलौदा बाजार फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी धक्का देकर स्टार्ट करनी पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने दमकल विभाग की व्यवस्था और संसाधनों के रखरखाव पर सवाल खड़े किए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर आपातकालीन सेवाओं की ऐसी बदहाल स्थिति चिंता का विषय है। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।