बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ पुलिस की डायल 112 सेवा एक बार फिर लोगों के लिए मददगार साबित हुई है। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा में डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घरेलू हिंसा की एक गंभीर घटना को शांत कराया और एक परिवार को बड़ी अनहोनी से बचा लिया। पुलिस की मानवीय पहल और संवेदनशील व्यवहार की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई की रात करीब 9 बजे डायल 112 को इवेंट नंबर 542331 के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब के नशे में अपने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर रहा है। कॉलर ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी, सास-ससुर, तीन छोटे बच्चों और अन्य परिजनों के साथ दुर्व्यवहार कर रहा है, जिससे घर में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना कसडोल की डायल 112 ‘बाज-1’ टीम में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे और अन्य पुलिसकर्मी तत्काल ग्राम पुटपुरा पहुंचे। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और परिवार के सदस्यों से बातचीत की।
पूछताछ के दौरान पीड़ित परिवार ने सामाजिक कारणों और बच्चों के भविष्य को देखते हुए कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस से केवल आरोपी को समझाने और विवाद समाप्त कराने का अनुरोध किया। इसके बाद पुलिस टीम ने बल प्रयोग करने के बजाय काउंसलिंग और समझाइश का रास्ता अपनाया।
पुलिस की समझाइश का असर यह हुआ कि संबंधित युवक को अपनी गलती का एहसास हुआ। उसने परिवार के सदस्यों से माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने का भरोसा दिलाया। पुलिस की इस पहल से एक संभावित गंभीर घटना टल गई और परिवार में शांति स्थापित हो सकी।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया। बताया गया कि प्रभावित परिवार ने सम्मान स्वरूप टीम को नकद राशि देने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया और कहा कि जनता की सेवा करना उनका कर्तव्य है।
पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और ईमानदारी से प्रभावित होकर कॉलर और उसके परिवार ने वीडियो संदेश जारी कर डायल 112 ‘बाज-1’ टीम तथा बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का धन्यवाद व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय कार्यशैली की सराहना की है।





