बलौदा बाजार। पूर्व विधायक पंडित बंशराज तिवारी की स्मृति में विगत 20 वर्षों से क्षेत्रवासियों के लिए निःशुल्क जांच, ऑपरेशन और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस सेवा कार्य का संचालन उनके पुत्र डॉ. प्रमोद तिवारी, डॉ. नितिन तिवारी, डॉ. गीतिका शंकर तिवारी और डॉ. तृप्ति तिवारी द्वारा किया जा रहा है।
इस वर्ष शिविर का शुभारंभ नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा ने स्व. पंडित बंशराज तिवारी एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. चंदादेवी तिवारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि यह अत्यंत सराहनीय प्रयास है कि पिछले 20 वर्षों से लगातार निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने तिवारी परिवार को इस सेवा कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
गरीबों को सस्ती और बेहतर चिकित्सा सुविधा
चंदादेवी तिवारी हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. नितिन तिवारी ने बताया कि उनके पिता स्व. पंडित बंशराज तिवारी का सपना था कि कोई भी गरीब व्यक्ति चिकित्सा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए 20 बेड वाले अस्पताल की स्थापना की गई, जहां कम लागत में महानगरों जैसी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष आयोजित इस निःशुल्क शिविर में मरीजों की जांच के साथ ऑपरेशन योग्य मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन किए जाते हैं और दवाइयां भी मुफ्त दी जाती हैं। यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।





