रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के कसडोल क्षेत्र में हुई 8 संदिग्ध मौतों का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। एक ओर पुलिस ने गांव के एक आरोपी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों के बीच तंत्र विद्या की चर्चाओं के बीच कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने मामले की CBI या SIT से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
CBI या SIT जांच की मांग
कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उनके अनुसार, ग्रामीण लगातार तंत्र विद्या की आशंका जता रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर कितने लोगों की मौत हुई, किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या है।
पुलिस का दावा- शराब में सुहागा मिलाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, कसडोल के खर्वे गांव में फरवरी से 14 मई के बीच हुई 8 संदिग्ध मौतों की जांच में गांव के राम सहाय जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने छोटी-छोटी बातों, गाली-गलौज, अंधविश्वास और पुरानी रंजिश के चलते लोगों की हत्या की।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कथित रूप से शराब में सुहागा मिलाकर लोगों को पिलाया, जिससे उनकी मौत हुई।
तंत्र विद्या की चर्चाओं के बीच बढ़ी जांच की मांग
हालांकि, गांव में अब भी कई लोग इन मौतों के पीछे तंत्र विद्या की आशंका जता रहे हैं। इसी को आधार बनाते हुए कांग्रेस विधायक ने सरकार से मामले की CBI या SIT से जांच कराने की मांग की है, ताकि सभी तथ्यों का निष्पक्ष रूप से पता लगाया जा सके।





