July 23, 2026

बलौदाबाजार में 8 हत्याओं का सनसनीखेज खुलासा, शराब में जहर मिलाकर गांव के लोगों को मौत के घाट उतारता रहा आरोपी

Baloda Bazar News Update : बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के खर्वे गांव में हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार गांव के ही एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश, अंधविश्वास, गाली-गलौज और कर्ज से छुटकारा पाने के लिए आठ लोगों की हत्या कर दी। आरोपी राम सहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में एक व्यक्ति हत्या के प्रयास के बाद बच गया था।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद खुला राज

पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि 6 जून को ग्रामीणों ने फरवरी से 14 मई के बीच हुई 8 मौतों की जांच की मांग की थी। ग्रामीणों ने राम सहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में 7 मृतकों के शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेजे गए। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम कर डीएनए, विसरा और अन्य नमूने सुरक्षित किए। एक मृतक का पहले ही अंतिम संस्कार किया जा चुका था।

पहले कुत्ते पर किया जहर का परीक्षण

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कथित तौर पर चूहे मारने की दवा के नाम पर “सुहागा” लिया था। सबसे पहले उसने इसका परीक्षण एक आवारा कुत्ते पर किया। कुत्ते की मौत के बाद उसने लोगों को निशाना बनाना शुरू किया।

सिलसिलेवार तरीके से की गईं हत्याएं

जांच में सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग कारणों से गांव के लोगों को निशाना बनाया। किसी से पुरानी रंजिश थी, किसी पर पत्नी को लेकर संदेह था, तो किसी से कर्ज या विवाद चल रहा था। आरोपी कथित तौर पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर लोगों को पिलाता था, जिसके बाद उनकी मौत हो जाती थी।

पुलिस के अनुसार फरवरी से मई 2026 के बीच कुल 8 लोगों की मौत इसी तरीके से हुई। वहीं एक अन्य ग्रामीण को भी जहरीली शराब पिलाई गई थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।

अंतिम संस्कार में भी शामिल होता था आरोपी

मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि किसी को शक न हो, इसलिए आरोपी खुद पीड़ितों को अस्पताल ले जाने में मदद करता था और उनके अंतिम संस्कार व कफन-दफन में भी शामिल होता था।

तकनीकी जांच से सुलझी गुत्थी

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले का खुलासा किया। आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा, एएसपी अभिषेक सिंह, एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक तथा पुलिस टीम की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के खिलाफ 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास सहित कुल 9 गंभीर अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।