बलौदाबाजार-भाटापारा। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2019 बैच के अधिकारी राय गौरव रामप्रवेश ने गुरुवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वे दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
निवर्तमान एसपी ने सौंपा कार्यभार
पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार पहुंचने पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने नए एसपी राय गौरव रामप्रवेश का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से जिले का कार्यभार उन्हें सौंपा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्वागत
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने नवपदस्थ एसपी का स्वागत किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह (बलौदाबाजार), हेमसागर सिदार (भाटापारा), एसडीओपी तारेश साहू (भाटापारा), डीएसपी कौशल किशोर वासनिक (कैंप कसडोल), डीएसपी संजय साहू (यातायात), डीएसपी उषा सोन्धिया तथा रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कानून व्यवस्था और जन-केंद्रित पुलिसिंग होगी प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद एसपी राय गौरव रामप्रवेश ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और जन-केंद्रित पुलिसिंग को मजबूत करना होगी। साथ ही बेहतर समन्वय के साथ पुलिसिंग को और अधिक संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।





