बलौदाबाजार। बलौदाबाजार शहर के पिपरहा तालाब में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार को तालाब में नहाने पहुंचे लोगों ने पानी में शव तैरते देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय आनंद यादव के रूप में हुई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
3 दिनों से लापता था युवक
जानकारी के मुताबिक आनंद यादव पिपरहा तालाब के पास मोहल्ले में रहता था और अंबेडकर चौक स्थित एक होटल में काम करता था। परिजनों के अनुसार वह पिछले तीन दिनों से लापता था। परिवार के लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी।
शुक्रवार को तालाब में शव मिलने की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में मातम पसर गया।
गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आत्महत्या या हादसा? जांच जारी
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आत्महत्या, हादसा या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।





