बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कसडोल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-130 बी पर श्रद्धालुओं से भरी माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिला और बच्चों समेत 27 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जबकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दो महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, माजदा वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। सभी बेमेतरा जिले के मुरकुटा नांदघाट गांव से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों के जरिए कसडोल CHC पहुंचाया।
दो महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे में कई श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं। दो महिलाओं के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ।
घायल श्रद्धालु के परिजन देवचरण जांगड़े ने बताया कि सभी लोग मुरकुटा नांदघाट से गिरौदपुरी धाम में बाबाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अमजद खान ने मदद करते हुए अपने वाहन से घायलों को कसडोल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।





