बलौदा बाजार जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के पीछे बाड़ी में खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के देवर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बलौदाबाजार। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 20 सिविल लाइन इलाके में एक महिला की खून से सनी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 29 वर्षीय पुष्पा ध्रुव (पति सोमनाथ ध्रुव) के रूप में हुई है। महिला का शव उसके घर के पीछे स्थित बाड़ी में खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से कई बार वार किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदेह के आधार पर मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लिया है।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्या बोले थाना प्रभारी?
लखेश केंवट ने बताया कि मृतका पुष्पा ध्रुव का शव घर की बाड़ी में खून से सनी अवस्था में मिला है। प्रथम दृष्टया चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के संकेत मिले हैं। एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जो मृतका का देवर बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने कहा कि परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।





