May 14, 2026

बलौदाबाजार ब्रेकिंग: नहर में बहने से मासूम की मौत, दो बच्चे डूबे; एक की हालत गंभीर

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के भाटापारा शहर थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां मुख्य शाखा नहर में नहाने गए तीन बच्चे तेज बहाव में बह गए। इस हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है और तीसरे बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।

नहर में नहाने गए थे तीनों बच्चे

जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे की पहचान ब्लेसन डीगल उर्फ रिहान (14) के रूप में हुई है, जो ओडिशा के कंदमाल जिले का निवासी था। वह गर्मी की छुट्टियां मनाने के लिए शांति नगर स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। बुधवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था, इसी दौरान तीनों तेज बहाव में बह गए।

एक की मौत, दूसरा गंभीर

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दो अन्य बच्चों को भी बाहर निकाला, लेकिन तब तक रिहान की मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नहर में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और बच्चे वहां कैसे पहुंचे।

गर्मी में नहर-तालाब बने खतरा

गर्मी के मौसम में बच्चे अक्सर नहर और तालाब में नहाने जाते हैं, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं।