May 17, 2026

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक: संस्थागत प्रसव में कमजोर प्रदर्शन पर 3 बीएमओ को नोटिस, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अस्पतालों में सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और मरीजों के साथ सकारात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए। वहीं संस्थागत प्रसव में कमजोर प्रदर्शन पर सिमगा, पलारी और कसडोल के बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि बीएमओ नियमित रूप से फील्ड विजिट करें और अस्पतालों में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए विशेष रणनीति बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन विकासखंडों में किसी योजना का बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है, वहां से समन्वय कर प्रशिक्षण लिया जाए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अस्पताल केवल रिफरल केंद्र बनकर न रह जाएं। अत्यावश्यक स्थिति में ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और वहां से जिला अस्पताल में मरीजों को रिफर किया जाए। इसी तरह जिला अस्पताल से ही राजधानी रायपुर या अन्य अस्पतालों में रिफर किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को सिस्टम को दुरुस्त रखने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी बारिश से पहले अस्पतालों में एंटीवेनम दवाएं उपलब्ध रखने को कहा, ताकि सर्पदंश के मामलों में तत्काल इलाज मिल सके।

बैठक में कलेक्टर ने कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत अभियान, संस्थागत प्रसव, स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, सेक्स रेशियो और अटल मॉनिटरिंग पोर्टल की भी विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि हर माह विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी और पिछली बैठकों में सामने आई कमियों की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।