बलौदाबाजार। जिला चिकित्सालय में रात्रि ड्यूटी के दौरान एक स्वास्थ्य कर्मचारी के कथित रूप से नशे की हालत में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजन ने कर्मचारी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे कर्मचारी की पहचान और घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक जांच की जा रही है।
सिविल सर्जन ने जारी किया नोटिस
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही उसके निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक समिति गठित की जाएगी। जांच रिपोर्ट और उच्च अधिकारियों के निर्देश के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद हो सकती है बर्खास्तगी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश अवस्थी ने कहा कि मामला जिला चिकित्सालय का है और इसकी कार्रवाई सिविल सर्जन द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में यह साबित होता है कि संबंधित कर्मचारी आदतन शराब के नशे में ड्यूटी पर आता है, तो उसके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





