बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। बिजली सुधार कार्य के लिए जा रहे बिजली विभाग के कर्मचारियों की पिकअप उफनते नाले में बह गई। हादसे में तीन कर्मचारियों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि एक कर्मचारी लापता हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना अचानकपुर क्षेत्र की है। रात करीब 2 बजे बिजली विभाग के कर्मचारी पिकअप वाहन से बिजली सुधार कार्य के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खोरसी नाला के पुल को पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप नाले में बह गई।
800 मीटर तक बहा वाहन
बताया जा रहा है कि तेज बहाव के कारण पिकअप पुल से करीब 800 मीटर दूर तक बह गई। वाहन में सवार तीन कर्मचारियों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन एक कर्मचारी के वाहन में फंसे रहने या पानी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका है। फिलहाल उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। लापता कर्मचारी और बही हुई पिकअप की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू टीम के साथ राहत कार्य में सहयोग करते हुए रस्सी खींचने में मदद की। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।





