March 4, 2026

बलौदाबाजार में वन अग्नि सुरक्षा कार्यशाला आयोजित, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने लिया सक्रिय भाग

बलौदाबाजार, 13 फरवरी 2026 – बलौदाबाजार वन परिक्षेत्र में सोनबरसा वन विहार केंद्र में परिक्षेत्र स्तरीय वन अग्नि सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और वन प्रबंधन समितियों की सक्रिय सहभागिता रही।

जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना यादव ने वन विभाग के प्रयासों की सराहना की, जबकि सरपंच श्रीमती रेणुका नायक ने सामुदायिक सहभागिता पर बल दिया। कार्यशाला का संचालन वन प्रबंधन समिति धमनी के अध्यक्ष रामनारायण यादव ने किया। जागरूकता हेतु “जंगल के फूल” कला जत्था और स्थानीय कलाकारों द्वारा “जंगल बचाओ” विषय पर गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए।

वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने कहा कि जंगल हमारी राष्ट्रीय धरोहर हैं और इन्हें सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने वन अग्नि से पर्यावरणीय, सामाजिक और वन्यजीवों पर होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी और युवाओं सहित सभी नागरिकों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में वन अग्नि के प्रमुख कारण, रोकथाम और नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की गई। मानवजनित लापरवाही, कृषि अवशेष जलाना, बीड़ी-सिगरेट के अवशेष फेंकना और महुआ संग्रह के दौरान आग लगने जैसी घटनाओं को सामूहिक सतर्कता से रोका जा सकता है।

वन विभाग द्वारा फायर सीज़न तैयारियों के तहत फायर कंट्रोल टीमों का गठन, कंट्रोल रूम की स्थापना, फायर लाइन कटाई, वाचरों की तैनाती, स्ट्राइक फोर्स और आधुनिक उपकरणों जैसे फायर ब्लोअर के उपयोग पर बल दिया गया। प्रतिभागियों को फील्ड में उपकरणों का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाली धमनी और चिचिरदा वन प्रबंधन समितियों को सम्मानित किया गया। लटुआ हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगोली और पेंटिंग के माध्यम से जनजागरूकता संदेश प्रस्तुत किए और उन्हें सम्मानित किया गया।

उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में जनपद उपाध्यक्ष एवं वन सभापति सुमन वर्मा, सरपंच लटुवा रेणुका गजेंद्र नायक, प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक प्रखर नायक, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल सिमरन साहु, और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।