बलौदाबाजार। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो छत्तीसगढ़ से लेकर हिमाचल प्रदेश तक फैले नेटवर्क के जरिए पूरे देश में सट्टा चला रहे थे। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने किया।
पुलिस के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास अजय बतरा नामक आरोपी को मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। उसके पास से मोबाइल, 5,780 रुपये नकद और सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए।
आरोपी के मोबाइल की तकनीकी जांच में “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि इस आईडी के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में बैठा गिरोह देशभर में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवानू क्षेत्र में दबिश देकर किराए के मकान से संचालित सट्टा ऑपरेशन का भंडाफोड़ किया और 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपी उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नेपाल और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और 2 बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज सहित लगभग 50 लाख रुपये से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए अलग-अलग ब्रांच लिंक बनाकर देशभर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे थे। इस मामले में पहले से दर्ज अपराध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मजबूत सूचना तंत्र और तकनीकी जांच के चलते इस बड़े गिरोह का पर्दाफाश संभव हो पाया है।





