September 4, 2026

बलौदाबाजार में कपड़े की दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; शॉर्ट सर्किट की आशंका

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बाजार स्थित महामाया क्लाथ स्टोर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

त्योहार सीजन के लिए रखा था कपड़ों का स्टॉक

जानकारी के मुताबिक कसडोल थाना क्षेत्र में जुगत राम साहू का महामाया क्लाथ स्टोर संचालित है। त्योहार सीजन को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में नए कपड़ों का स्टॉक रखा गया था।

रविवार रात अचानक दुकान से धुआं निकलता देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

दमकल टीम ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि, तब तक दुकान और गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा जल चुका था। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

आग लगने के कारणों की जांच

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

कसडोल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।