अवैध शराब की शिकायत पर बढ़ा विवाद
बलौदाबाजार। कसडोल ब्लॉक के ग्राम कटगी में अवैध शराब बिक्री को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। शिकायत से नाराज ढाबा संचालक ने एक ग्रामीण के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
ग्रामीणों ने ढाबा संचालक और बेटे की पिटाई की
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ढाबा संचालक और कसडोल ब्लॉक ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत थवाईत तथा उसके बेटे संतोष थवाईत की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद गांव में हंगामे की स्थिति बन गई।
पुलिस पहुंची, हालात काबू में
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
आरोपी पिता-पुत्र हिरासत में
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही अवैध शराब बिक्री की शिकायत पुलिस और प्रशासन से की थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़ गए।
जिले में अवैध गतिविधियों पर सवाल
घटना के बाद जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही वाहन बैटरी चोरी जैसे मामलों में भी कार्रवाई को लेकर नाराजगी सामने आई है।





