July 30, 2026

Balodabazar News Update: नैनो यूरिया-डीएपी को लेकर किसानों में जागरूकता अभियान तेज, 50 समितियों में चल रहे विशेष शिविर

बलौदाबाजार। किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक खेती की ओर प्रेरित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान जिलेभर में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग, लाभ और वैज्ञानिक तथ्यों की सही जानकारी देना है।

प्रशासन का कहना है कि इस अभियान के जरिए किसानों के बीच फैली भ्रांतियों और अफवाहों को दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।

50 सहकारी समितियों में विशेष शिविर

जिले की 50 सहकारी समितियों को चिन्हित कर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में किसानों को सरल भाषा में नैनो उर्वरकों के फायदे समझाने के लिए नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी संदेश पहुंच सके।

नुक्कड़ नाटक के बाद विशेषज्ञ दे रहे जानकारी

नुक्कड़ नाटक के बाद कृषि विभाग के अधिकारी और विशेषज्ञ किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के वैज्ञानिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। इस दौरान किसानों के सवालों का मौके पर ही समाधान भी किया जा रहा है।

इसके अलावा पोस्टर, पाम्पलेट और डिजिटल वॉल पेंटिंग के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। किसानों को उर्वरकों के सही उपयोग की विधि और सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।

किसानों ने बताया उपयोगी पहल

ग्राम ओडान के किसान भोज राम वर्मा ने बताया कि पहले उन्हें नैनो यूरिया की सही जानकारी नहीं थी, लेकिन इस अभियान के बाद उनकी कई शंकाएं दूर हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब वे पारंपरिक यूरिया के साथ नैनो उर्वरकों का उपयोग करेंगे।

वहीं ग्राम वटगन के किसान सुभाष वर्मा ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार होने चाहिए, ताकि किसानों को नई तकनीकों की जानकारी मिलती रहे।

वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने की पहल

जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती की दिशा में प्रेरित करना और कृषि उत्पादकता बढ़ाना है। अधिकारियों का कहना है कि नैनो उर्वरकों के उपयोग से खेती अधिक प्रभावी और किफायती हो सकती है।

“जागरूक किसान – उन्नत खेती” के संकल्प के साथ यह अभियान जिले में लगातार जारी है।