बलौदाबाजार। जिले के पलारी विकासखंड में ग्राम रोहांसी और अमेठी को जोड़ने वाली महानदी पर बना एनीकेट लगातार बारिश के बाद पूरी तरह जलमग्न हो गया है। नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और एनीकेट के ऊपर करीब दो से ढाई फीट पानी बह रहा है। इसके चलते अमेठी और आसपास के वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का पलारी और बलौदाबाजार से संपर्क टूट गया है।
वर्षों से लंबित है बड़े पुल की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर केवल एनीकेट होने के कारण हर बारिश में आवागमन प्रभावित हो जाता है। थोड़ी सी बारिश में भी एनीकेट डूब जाता है, जिससे लोगों को पलारी या रोहांसी पहुंचने के लिए करीब 70 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है।
ग्रामीण लंबे समय से यहां एक ऊंचे और स्थायी पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। हर मानसून में यही समस्या दोहराई जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित
ग्राम रोहांसी क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र माना जाता है, जहां आसपास के गांवों और वन क्षेत्रों के लोग आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए आते हैं। लेकिन बरसात में संपर्क टूटने से ग्रामीणों को खाद्य सामग्री, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहां एक बड़ा पुल बनाया जाए तो वर्षभर निर्बाध आवागमन संभव होगा और हजारों लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।





