बलौदाबाजार। अब बलौदाबाजार में राह चलते युवतियों और महिलाओं को छेड़ना मनचलों के लिए भारी पड़ सकता है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने शिकायतों को देखते हुए महिला शक्ति टीम का गठन किया है। टीम को वाहन प्रदान किए गए हैं, ताकि वह स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर अपनी दोपहिया वाहन से पेट्रोलिंग कर निगरानी करें और मनचलों पर कार्रवाई करें। साथ ही टीम यातायात व्यवस्था को भी संभालेगी।
बलौदाबाजार में अक्सर स्कूल और कॉलेज लगने के समय तीन सवारी मोटरसाइकिल सवार मनचलों की संख्या बढ़ जाती है। तेज रफ्तार से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। पिछले दिनों इसी कारण एक युवा इंजीनियर की मौत हो गई थी। तीन बाइक सवारों द्वारा उसे ठोकर मारकर घायल करने के बाद उसकी जान चली गई। मृत युवक अपने परिवार का इकलौता सदस्य था।

इन घटनाओं को देखते हुए एसपी भावना गुप्ता ने महिला शक्ति टीम बनाने का निर्णय लिया। टीम को आज यातायात जागरूकता अभियान के समापन अवसर पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

एक माह तक चलाए गए इस यातायात जागरूकता अभियान में बलौदाबाजार पुलिस ने स्कूलों और कॉलेजों में बच्चों को सुरक्षित वाहन चलाने और यातायात नियमों के पालन के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही चित्रकला, फोटोग्राफी, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विजयी प्रतिभागियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता और अन्य अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर एसपी भावना गुप्ता ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है और अब बच्चों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को बिना हेलमेट घर से बाहर नहीं जाने देना चाहिए और यदि नाबालिग हैं तो दोपहिया वाहन की बजाय साइकिल का उपयोग करें।
महिला शक्ति टीम को लेकर भावना गुप्ता ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। अक्सर स्कूल-कॉलेज समय पर मनचलों द्वारा छेड़छाड़ की घटनाएं होती हैं और तेज रफ्तार से दोपहिया वाहन चलाए जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा रहता है। इसे रोकने के लिए टीम सतत निगरानी करेगी और ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेगी।





