बलौदाबाजार। जिले के ग्राम रिसदा स्थित न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र में काम के दौरान एक मजदूर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। चक्कर आने के बाद कंपनी द्वारा मजदूर को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्राम ढनढनी निवासी करीब 50 वर्षीय गिरधर रजक के रूप में हुई है।
शटडाउन के दौरान कर रहा था काम
जानकारी के मुताबिक गिरधर रजक एसके जैन ठेकेदार के अंतर्गत काम कर रहा था। वर्तमान में सीमेंट संयंत्र में शटडाउन के दौरान मजदूरों से काम कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गिरधर को चक्कर आया और उसकी तबीयत बिगड़ गई।
मृतक के साथी पुरुषोत्तम यदु ने बताया कि सभी लोग एक साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान गिरधर को अचानक चक्कर आया। साथियों ने तत्काल उसके जूते आदि उतारे और एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
साथी मजदूर के मुताबिक जिस स्थान पर वे काम कर रहे थे, वह खुला क्षेत्र था। इसके बावजूद अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
परिजनों के लिए मुआवजा और नौकरी की मांग
घटना के बाद मृतक के कुछ साथियों ने उसके परिवार को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और पेंशन देने की मांग उठाई है।
बताया गया है कि मृतक की चार बेटियां हैं। इनमें से एक की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां मामा के यहां रहकर पढ़ाई कर रही हैं। परिवार के अन्य सदस्य रायगढ़ में रहते हैं और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
कंपनी की ओर से 20 लाख रुपये मुआवजे की चर्चा
फिलहाल मुआवजे को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि, जानकारी के अनुसार कंपनी की ओर से मृतक के आश्रित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी और पेंशन देने की बात कही जा रही है।
फिलहाल मृतक का शव जिला चिकित्सालय में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद ही मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर आगे का निर्णय होने की बात कही जा रही है।





