बलौदाबाजार जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में बड़ा हादसा टल गया।
साइन बोर्ड से टकराकर मौत
पहली घटना गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम तेलासी की है, जहां 56 वर्षीय बीरबल ढीमर अपने मोपेड से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे सावधान बोर्ड से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
तेज रफ्तार हाईवा घर में घुसा
दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम झोंका लटुवा में हुई, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसा।
गनीमत रही कि घर के बाहर रेत और गिट्टी का ढेर होने से वाहन की रफ्तार कम हो गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय घर के सदस्य अंदर मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित हैं।
नशे में था चालक, हिरासत में
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हाईवा चालक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।





