July 29, 2026

कलेक्टर के निर्देश का उल्लंघन, सीमा पेट्रोल पंप सील—जरीकेन में डीजल देने पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

बलौदाबाजार। जिले में कलेक्टर के निर्देशों का उल्लंघन करने पर पेट्रोल पंप पर बड़ी कार्रवाई की गई है। सिमगा विकासखंड स्थित सीमा पेट्रोल पंप को प्रशासन ने ग्रामीणों की मौजूदगी में सील कर दिया। यह कार्रवाई जिले में इस तरह की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने हाल ही में पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी स्थिति में जरीकेन या बोतल में पेट्रोल-डीजल की बिक्री न की जाए और वाहनों में निर्धारित सीमा के अनुसार ही ईंधन दिया जाए। इसके बावजूद पेट्रोल पंप द्वारा नियमों की अनदेखी की गई।

आरोप है कि सीमा पेट्रोल पंप पर जरीकेन में डीजल दिया जा रहा था और भारी वाहनों में भी निर्धारित मात्रा से अधिक ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा था। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम से की थी।

शिकायत के बाद एसडीएम अतुल शेटे मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पेट्रोल पंप को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।