बलौदाबाजार। जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में एक 26 वर्षीय शिक्षिका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान कुमारी काजल ठाकुर (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बलौदाबाजार के चांपा स्कूल में व्यवसायिक शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार, उनका चयन पिछले वर्ष संविदा शिक्षिका के रूप में हुआ था और तब से वह स्कूल में सेवाएं दे रही थीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिक्षिका ने अपने कमरे में पंखे से चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतका के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।





