बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक पुलिसकर्मी का ग्रामीण को धमकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर ग्रामीण से यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि, “तू कौन है, कलेक्टर है, एसपी है, मुख्यमंत्री है, कौन है तू?” वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला गिधौरी क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि अवैध रेत परिवहन के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने को लेकर ग्रामीणों और सरपंच के बीच विवाद हुआ था। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां हुई बातचीत और कथित विवाद का वीडियो वायरल हो गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट भी की। इस संबंध में शिकायत पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
एसपी ने दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उप पुलिस अधीक्षक, कैंप कसडोल को जांच के आदेश दिए हैं।
जारी निर्देश में कहा गया है कि वीडियो के विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रसारित होने से पुलिस विभाग की छवि और कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए वीडियो की सत्यता, घटना का स्थान, समय, संबंधित पुलिसकर्मियों एवं अन्य व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जाए।
तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
एसपी ने जांच अधिकारी को निर्देशित किया है कि संबंधित व्यक्तियों के बयान, उपलब्ध वीडियो फुटेज, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य आवश्यक प्रमाण जुटाकर यह स्पष्ट किया जाए कि संबंधित पुलिसकर्मी द्वारा किसी प्रकार की अनुशासनहीनता, कदाचार या विभागीय आचरण नियमों का उल्लंघन किया गया है या नहीं।
पुलिस अधीक्षक ने जांच रिपोर्ट तीन दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके।




