बिलासपुर। व्यापार विहार में एक व्यापारी से दो लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। वहीं मानसून को देखते हुए नगर निगम ने 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम शुरू किया है। दूसरी ओर जांजगीर-चांपा में बदहाल सड़कें लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं, जबकि रायगढ़ में एक पंचायत सचिव को आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद निलंबित कर दिया गया है।
स्वास्थ्य ठीक करने का झांसा देकर व्यापारी से लाखों की ठगी
व्यापार विहार क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात ठगों ने एक व्यापारी को स्वास्थ्य संबंधी समस्या दूर करने का झांसा देकर नकदी से भरा बैग पार कर दिया। नवागढ़ निवासी जनक प्रसाद साहू अपने पुत्र के साथ कृषि उपज की खरीदारी के लिए बिलासपुर आए थे। खरीदारी के बाद अंडा चौक के पास दो युवकों ने बातचीत में उलझाकर उनका बैग लेकर फरार हो गए। बैग में दो लाख रुपये से अधिक नकदी होने की जानकारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पर तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
व्यापारियों में नाराजगी
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मानसून को लेकर निगम का कंट्रोल रूम शुरू
संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने विकास भवन में 24 घंटे संचालित होने वाला बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नागरिक जलभराव, नाली जाम और जल निकासी संबंधी शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 07752-471224 पर दर्ज करा सकेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी भी तय कर दी गई है।
बलौदा मार्ग की बदहाल सड़क से बढ़ी परेशानी
जांजगीर-चांपा। नैला रेलवे फाटक से बलौदा तक सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से केवल औपचारिक मरम्मत की जा रही है, जबकि सड़क के पुनर्निर्माण की जरूरत है। जर्वे गांव के पास स्थित जर्जर पुल भी लोगों के लिए खतरा बना हुआ है।
रायगढ़ में पंचायत सचिव निलंबित
रायगढ़। ग्राम पंचायत मिरीगुड़ा के पंचायत सचिव भीचरण पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ थाना पुसौर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1999 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच पूरी होने तक पंचायत सचिव निलंबित रहेंगे और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।




