July 23, 2026

बलौदाबाजार में महिला हत्याकांड का खुलासा: देवर निकला कातिल, प्रेम संबंध और विवाद के बाद की हत्या

बलौदाबाजार जिले में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में मृतका का देवर ही हत्यारा निकला। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के अनुसार, आरोपी देवेंद्र ध्रुव का अपनी भाभी पुष्पा ध्रुव के साथ प्रेम संबंध था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।

जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी भाभी को छत से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गई। इसके बाद उसने ईंट और पत्थर से महिला के चेहरे पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में संदेह के आधार पर आरोपी देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की पूरी घटना स्वीकार कर ली।

पुलिस आरोपी को घटनास्थल लेकर पहुंची, जहां उसने घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।