July 31, 2026

बलरामपुर में दर्दनाक हादसा : नदी में नहाने गया 12 वर्षीय बालक डूबा, तलाश के बाद मिला शव

बलरामपुर। जिले के विजयनगर गांव में शनिवार को नदी में नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद यादव उर्फ डिंपल (12) के रूप में हुई है। वह अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का पुत्र था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, विनोद अपने दो दोस्तों के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित बाकी नदी में नहाने गया था। इस दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद एक साथी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसका हाथ छूट गया और वह पानी में समा गया।

सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण पवन यादव ने करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर लगभग आधे घंटे की तलाश के बाद बालक का शव बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची विजयनगर चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।