September 4, 2026

बलरामपुर में पहली बारिश में पुल क्षतिग्रस्त, मंत्री नेताम बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

रायपुर। बलरामपुर जिले में ग्राम सड़क योजना के तहत बनाया गया पुल पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने के मामले ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि पहले पूरी जानकारी सामने आने दीजिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में कहीं भी गुणवत्ता की कमी पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री नेताम ने कहा कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे, इसलिए मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी निर्माण कार्य में लापरवाही या खराब गुणवत्ता सामने आती है तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

किसान मोर्चा की बैठक पर क्या बोले नेताम?

किसान मोर्चा की बैठक को लेकर रामविचार नेताम ने कहा कि भाजपा संगठन ने अलग-अलग मोर्चों की व्यवस्था की है। इन मोर्चों के माध्यम से संबंधित वर्गों की समस्याओं, विषयों और जरूरतों पर लगातार अध्ययन किया जाता है। पार्टी का उद्देश्य संगठन को सर्वस्पर्शी और सर्वग्राही बनाना है।

उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा किसानों के बीच सरकार की उपलब्धियों, दायित्वों और समस्याओं का समय-समय पर अध्ययन करता है। इसके बाद रिपोर्ट संगठन को सौंपी जाती है। मंत्री ने कहा कि किसान मोर्चा की मांगों के आधार पर सरकार बनने के बाद किसानों से 2100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू की गई। इसके अलावा किसानों को अधिकतम उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया गया और वर्ष 2023 में सरकार बनने से पहले का बकाया बोनस भी किसानों को दिया गया।

कांग्रेस के आदिवासी आंदोलन पर साधा निशाना

कांग्रेस द्वारा आदिवासी मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी पर मंत्री नेताम ने कहा कि विपक्ष की अपनी भूमिका होती है और वह अलग-अलग समय पर अलग-अलग वर्गों के बीच जाता है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कभी किसानों, कभी महिलाओं और कभी युवाओं के मुद्दों को लेकर उनके बीच जाने की बात करती है। अब उसे एसटी वर्ग दिखाई दे रहा है, इसलिए आदिवासी समाज के बीच जाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता और एसटी वर्ग का कांग्रेस पर भरोसा नहीं है।

झीरम घाटी मामले पर बोले- कोर्ट का विषय

झीरम घाटी मामले को लेकर रामविचार नेताम ने कहा कि यह मामला न्यायालय में है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की आपसी लड़ाई समय-समय पर सामने आती रहती है और हाल के दिनों में भी कांग्रेस नेताओं के कई बयान सामने आए हैं।