बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। बरवाही गांव में फैली अफवाह के चलते भीड़ इकट्ठा हो गई और गुस्साए ग्रामीणों ने दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर विकासखंड के आनंदपुर से एक बारात लौट रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन तेज रफ्तार में बरवाही के पास पहुंचा और अचानक ब्रेक लगा दिया। वहां महुआ बीन रहे बच्चे डरकर चिल्लाने लगे, जिसके बाद बच्चा चोरी की अफवाह फैल गई।
घटना के बाद वाहन सवार युवक वहां से निकल गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनकी पहचान कर ली और उन्हें वापस बुलाया गया। जैसे ही युवक गांव पहुंचे, भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और उनकी पिटाई कर दी गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस युवकों को थाने ले जाने लगी, लेकिन इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस से झूमाझटकी भी की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवकों को सुरक्षित थाने ले गई।
बृज लाल भारद्वाज ने बताया कि पूरा मामला गलतफहमी का है। तेज रफ्तार वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से बच्चे डर गए और अफवाह फैल गई। पुलिस ने पीर मोहम्मद (20) और मतलुब अंसारी (21) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।





