May 16, 2026

बलरामपुर में कोचिंग टीचर की शर्मनाक हरकत, नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक कोचिंग शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी संजय चक्रवर्ती वाड्रफनगर में एक निजी कोचिंग सेंटर संचालित करता है। आरोप है कि उसने 10वीं कक्षा की छात्रा को सभी बच्चों की छुट्टी होने के बाद पढ़ाई के बहाने अपने घर बुलाया। वहां उसने छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ की।

बताया जा रहा है कि जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो आरोपी शिक्षक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है, ताकि पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके।