बलरामपुर। जिले के वन परिक्षेत्र धमनी में अवैध शिकार के मामले का वन विभाग ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, उप परिक्षेत्र सुंदरपुर के परिसार डुग्गर क्षेत्र में आरोपियों को ‘चिड़िया रंग प्यारी’ के 3 नग और एक गिलहरी का अवैध शिकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। इस पर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2(16), 9, 39, 50 एवं 51 के तहत अपराध दर्ज कर प्रकरण क्रमांक 22296/18, दिनांक 18 अप्रैल 2026 को पंजीबद्ध किया गया।
वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्हें 19 अप्रैल 2026 को जिला जेल रामानुजगंज भेजा गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड लिया गया है।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व उप वनमंडलाधिकारी वाड्रफनगर प्रेमचंद मिश्रा और परिक्षेत्राधिकारी धमनी केशव राज खटकर ने किया।
इस अभियान में वन विभाग के अन्य अधिकारियों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शिकार के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





