बलरामपुर। वाड्रफनगर स्थित धनवार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर भूमि अधिग्रहण के बाद मुआवजा न मिलने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द मुआवजा भुगतान की मांग की।
20 एकड़ भूमि का हुआ था अधिग्रहण
जानकारी के अनुसार, धनवार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट निर्माण के लिए करीब 20 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल सका, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं।
एसडीएम ने की समझाइश
स्थिति को देखते हुए एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की और उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।
किसानों ने लगाए गंभीर आरोप
किसान मिथलेश दुबे ने आरोप लगाया कि लगभग 8 लाख रुपये मुआवजा स्वीकृत होने के बावजूद वह राशि अब तक उन्हें नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह स्पष्ट नहीं कर रहा है कि भुगतान किसके खाते में गया।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वे उग्र आंदोलन करेंगे। प्रशासन ने मामले की जांच कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही है।





