बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। राजपुर वन परिक्षेत्र के रेवतपुर नवापारा गांव में शुक्रवार देर रात चार हाथियों के दल ने उत्पात मचाया। इस दौरान जान बचाकर भाग रहे एक ग्रामीण को हाथी ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बालम साय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चार हाथियों का दल पिछले कुछ समय से नवापारा क्षेत्र में विचरण कर रहा था। शुक्रवार रात बारिश के बीच हाथी गांव में घुस आए और कई घरों को नुकसान पहुंचाया।
इसी दौरान बालम साय अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे, लेकिन एक हाथी ने उन्हें दौड़ाकर कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए हाथियों की लगातार निगरानी कर रहा है।





