July 23, 2026

दहेजवार जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, दो जुआरी गिरफ्तार, तीन बाइक जब्त

बलरामपुर। जिले में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने दहेजवार जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नगद राशि और तीन मोटरसाइकिल जब्त की है। वहीं कई अन्य जुआरी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को 5 जून की शाम सूचना मिली थी कि दहेजवार गोठान के पास जंगल में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।

पुलिस को देखते ही मची भगदड़

छापेमारी के दौरान जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई आरोपी मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक गुप्ता निवासी ग्राम दहेजवार और रामप्रसाद निवासी वार्ड क्रमांक-7 बलरामपुर के रूप में हुई है।

नगद और तीन बाइक जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 3 हजार रुपये नगद और घटना में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 89/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।