July 23, 2026

बलरामपुर में हेडमास्टर हत्याकांड के बाद बवाल: परिजनों ने आरोपियों के घर में लगाई आग, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में हेडमास्टर की हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जमीन विवाद में चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, मृतक जय करण सिंह जगते शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर थे। सोमवार सुबह वे रोज की तरह स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके चचेरे भाई बृजमोहन जगते (26) और हरिमोहन जगते (23) ने उन्हें रोक लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में लगाई आग

हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी, जिससे मकान और एक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

दमकल ने आग पर पाया काबू, पुलिस की कड़ी निगरानी

आगजनी की सूचना पर दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।