September 4, 2026

तालाब में डूब रहे पति को बचाने पत्नी ने लगाई छलांग, दोनों की मौत; रिश्तेदार को ग्रामीणों ने बचाया

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया है। अमरपुर के बड़का जोभी में वन विभाग के तालाब में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब में पति को डूबता देख पत्नी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गई, लेकिन दोनों बाहर नहीं निकल सके और उनकी डूबने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुनेश्वर अचानक तालाब में गिर गए और पानी में डूबने लगे। पति को बचाने के लिए घुघरी नाग ने भी तालाब में छलांग लगा दी। दोनों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और परिस्थितियों के कारण सफल नहीं हो सके।

इसी दौरान वहां मौजूद उनकी रिश्तेदार जसमती भी दोनों को बचाने के लिए पानी में उतर गई। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जसमती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कुसमी CHC में नहीं मिला शव वाहन

घटना की सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाना था, लेकिन अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। इसके चलते परिजनों को निजी वाहन से शव अस्पताल ले जाना पड़ा।

कुसमी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में मातम पसरा हुआ है।