रायपुर। दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में भी अफीम की खेती पकड़ी गई है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्ग महज पर्दाफ़ाश की शुरुआत थी और अफीम सहित सूखे नशे का कारोबार मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि दुर्ग में पकड़े गए भाजपा नेता को मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया गया, जबकि पूरे प्रदेश में यह खेल चल रहा है।
वहीं, प्रदेश सरकार की ओर से मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि नशे के सौदागरों और अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बलरामपुर में अफीम की खेती की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और प्रदेश में ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध नशे या अफीम की खेती की जानकारी मिले तो सरकार और प्रशासन को तुरंत सूचित करें।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों में गांजा तस्करी और अन्य नशे से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई हुई है। अब पुलिस और प्रशासन की सख्ती के कारण कई बड़े मामलों में आरोपी पकड़े जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पूरे प्रदेश को नशामुक्त बनाना है।





