May 15, 2026

बलरामपुर में बारात जा रही पिकअप पेड़ से टकराई, 1 की मौत, 2 गंभीर; रायपुर में भी सड़क हादसे में 2 युवकों की जान गई

बलरामपुर/रायपुर (छत्तीसगढ़)। प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। दोनों घटनाओं से शादी और घर वापसी की खुशियां मातम में बदल गईं।

बलरामपुर में पिकअप पेड़ से टकराई, एक की मौत

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में अजगरा नाले के पास एक मालवाहक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप में सवार लोग छत्तीसगढ़ के इंजानी गांव से उत्तर प्रदेश के म्योरपुर एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। वाहन में कुल 7 लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

रायपुर में ट्रक की टक्कर, दो युवकों की मौत

दूसरी घटना राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

मृतकों की पहचान गोलू यादव और राजू यादव के रूप में हुई है, जो काम खत्म कर घर लौट रहे थे। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की।

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।

लगातार हादसों पर उठे सवाल

प्रदेश में शादी समारोह के दौरान मालवाहक वाहनों के उपयोग और तेज रफ्तार वाहनों से हो रहे हादसों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सुरक्षा नियमों की अनदेखी चिंता का विषय बनी हुई है।