बलरामपुर। जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस लाइन बलरामपुर से 112 पुलिस वाहन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस सेवा के शुरू होने से अब दुर्घटना, संकट और अन्य आपात परिस्थितियों में लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान कहा गया कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा, शांति और खुशहाली प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 112 वाहन सेवा के विस्तार से पुलिस बल अब कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर सकेगा।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में भी मददगार साबित होगी।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान जनहित में शुरू की गई इस नई व्यवस्था के लिए पूरी टीम को बधाई दी गई और सुरक्षित एवं सशक्त बलरामपुर के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।





