बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। ट्रक में भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 1941 किलोग्राम से अधिक गांजे की खेप को पकड़ते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ओडिशा से यूपी ले जाया जा रहा था गांजा
जानकारी के अनुसार मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर से एक ट्रक (RJ 14 GU 9078) में भारी मात्रा में गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर रवाना किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हुई और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई।
तड़के 3 बजे नाकेबंदी कर पकड़ा ट्रक
पुलिस ने शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे नाकेबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की। पूछताछ में ट्रक सवार आरोपियों ने अपनी पहचान लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी के रूप में बताई। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बोरियों में भरा हुआ करीब 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जिले की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही
प्रारंभिक जांच के अनुसार बलरामपुर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।





